सेल कर्मचारियों का बोनस तय: नियमित गैर-कार्यपालक कर्मचारियों को ₹32,000, प्रशिक्षुओं को ₹25,600 सालाना भुगतान होगा।
- अब कर्मचारियों की नजर इस राशि के भुगतान की तारीख और वास्तविक खाते में पहुंचने पर रहेगी।
सूचनाजी न्यूज, नई दिल्ली। सेल कर्मचारियों के बोनस/वार्षिक भुगतान को लेकर बड़ी खबर सामने आ गई है। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) प्रबंधन और एनजेसीएस कोर ग्रुप के श्रमिक प्रतिनिधियों के बीच 1 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में समझौता हुआ। इस समझौते के तहत नियमित कर्मचारियों को ₹32,000 की वार्षिक राशि तथा सेल प्लांटों/इकाइयों में प्रशिक्षुओं को ₹25,600 की वार्षिक राशि ASPLIS के तहत दी जाएगी। इस बोनस समझौते पर एटक, एचएमएस, इंटक और बीएमएस ने साइन किए। सीटू ने साइन करने से इन्कार कर दिया। आखिर इस समझौते में क्या-क्या लिखा है। इसको आप यहां विस्तार से पढ़िए।
समझौते पर श्रमिक पक्ष की ओर से इंटक, एचएमएस, बीएमएस और एटक के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए हैं। Annual SAIL Performance Linked Incentive Scheme (ASPLIS) 2026-27 के तहत भुगतान पूजा से पहले किया जाएगा।
1 अक्टूबर को दिल्ली में हुई बैठक
सेल प्रबंधन और वर्कर्स रिप्रेजेंटेटिव्स के एनजेसीएस कोर ग्रुप की बैठक 1 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली में हुई। बैठक का मुख्य एजेंडा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए गैर-कार्यपालक कर्मचारियों को दिए जाने वाले Annual Payment/Ex-gratia/Bonus का निर्धारण था। समझौते में स्पष्ट किया गया है कि यह भुगतान Annual SAIL Performance Linked Incentive Scheme (ASPLIS) के तहत किया जाएगा।
नियमित कर्मचारियों को ₹32 हजार, प्रशिक्षुओं को ₹25,600
समझौते के सबसे महत्वपूर्ण बिंदु में कहा गया है कि विस्तृत चर्चा के बाद यह सहमति बनी कि SAIL Plants/Units के नियमित गैर-कार्यपालक कर्मचारियों को ₹32,000 की वार्षिक राशि ASPLIS के तहत भुगतान की जाएगी। वहीं, SAIL Plants/Units में कार्यरत गैर-कार्यपालक प्रशिक्षुओं (Non-executive Trainees) को ₹25,600 की वार्षिक राशि ASPLIS के तहत दी जाएगी। यानी इस समझौते के अनुसार नियमित पात्र गैर-कार्यपालक कर्मचारियों के लिए तय राशि ₹32,000 और प्रशिक्षुओं के लिए ₹25,600 होगी।
ये खबर भी पढ़ें: Breaking News: सेल कर्मचारियों का बोनस 32 हजार तय, 25 हजार 600 ट्रेनीज को
बोनस और ASPLIS को लेकर समझौते में क्या कहा गया?
वित्त वर्ष 2026-27 के लिए उन गैर-कार्यपालक कर्मचारियों के मामले में, जो Code on Wages, 2019 की धारा 26 के तहत बोनस प्राप्त करने के पात्र हैं, भुगतान की जा रही राशि को बोनस के रूप में माना जाएगा। वहीं, अन्य गैर-कार्यपालक कर्मचारियों के लिए उपरोक्त वार्षिक राशि को Annual Performance Linked Incentive under ASPLIS के रूप में माना जाएगा।
प्रबंधन ने उत्पादन और मुनाफे की स्थिति भी रखी
बैठक में सेल प्रबंधन की ओर से कंपनी के प्रदर्शन का ब्यौरा भी रखा गया। समझौते के अनुसार, एनजेसीएस कोर ग्रुप के श्रमिक प्रतिनिधियों को बताया गया कि वित्त वर्ष 2025-26 में सेल के उत्पादन लक्ष्यों की उपलब्धि चिंता का विषय रही। समझौते में दर्ज आंकड़ों के मुताबिक, Saleable Steel के उत्पादन लक्ष्य की उपलब्धि लगभग 94 प्रतिशत और Crude Steel के उत्पादन लक्ष्य की उपलब्धि 92 प्रतिशत रही।
वहीं, सेल के PBT (Profit Before Tax) में बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया गया है। यह वित्त वर्ष 2024-25 में ₹3,009 करोड़ से बढ़कर वित्त वर्ष 2025-26 में ₹4,334 करोड़ हो गया।
मुनाफा बढ़ा, लेकिन चुनौतियां भी बनी हुई हैं
समझौते में यह भी दर्ज है कि सेल ने वित्त वर्ष 2025-26 में मुनाफा दर्ज किया है, लेकिन मौजूदा भू-राजनीतिक परिस्थितियों, कोयले की कीमतों में उतार-चढ़ाव और स्टील आयात में वृद्धि के कारण इस्पात क्षेत्र के सामने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां बनी हुई हैं। प्रबंधन ने यह भी आशंका जताई कि इसका असर वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (H1) में सेल के प्रदर्शन पर भी दिखाई दे सकता है।
ASPLIS कैसे बना था?
समझौते में ASPLIS की पृष्ठभूमि भी दर्ज की गई है। एनजेसीएस कोर ग्रुप के श्रमिक प्रतिनिधियों की मांग के बाद 18 अक्टूबर 2022 को नई दिल्ली में हुई बैठक में Annual SAIL Performance Linked Incentive Scheme तैयार करने का निर्णय लिया गया था। इस योजना को सेल के भौतिक और वित्तीय प्रदर्शन के मापनीय मानकों से जोड़ा गया। ASPLIS को एनजेसीएस कोर ग्रुप की बैठकों में प्रस्तुत किया गया और 8 फरवरी 2023 को नई दिल्ली में हुई बैठक में इसे अंतिम रूप दिया गया। इसके बाद 23 मार्च 2023 के पत्र के माध्यम से ASPLIS की कॉपी एनजेसीएस के वरिष्ठ ट्रेड यूनियन नेताओं के साथ साझा की गई थी। समझौते में कहा गया है कि इसी योजना के तहत गैर-कार्यपालक कर्मचारियों को वित्त वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए भुगतान किया जा चुका है।
कर्मचारियों से उत्पादन बढ़ाने की अपील
समझौते के अंत में श्रमिक प्रतिनिधियों की ओर से यह सहमति दर्ज की गई है कि गैर-कार्यपालक कर्मचारी उत्पादन और तकनीकी-आर्थिक मानकों के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। इससे उत्पादकता और लाभप्रदता में सुधार लाने का लक्ष्य रखा गया है।
ये खबर भी पढ़ें: सेक्टर 9 हॉस्पिटल पहुंचे सांसद विजय बघेल, नई सुविधाओं पर डॉ. उदय की तारीफ
बोनस की तस्वीर साफ, अब भुगतान का इंतजार
कुल मिलाकर 1 अक्टूबर को हुए इस समझौते के बाद सेल के गैर-कार्यपालक कर्मचारियों के लिए वित्त वर्ष 2026-27 के वार्षिक भुगतान की तस्वीर साफ हो गई है। नियमित गैर-कार्यपालक कर्मचारियों के लिए ₹32,000 और गैर-कार्यपालक प्रशिक्षुओं के लिए ₹25,600 की वार्षिक राशि तय की गई है। अब कर्मचारियों की नजर इस राशि के भुगतान की तारीख और वास्तविक खाते में पहुंचने पर रहेगी।
