- लंबी सेवा के बाद संयंत्र से विदा हो रहे इन कर्मियों के चेहरे पर संतोष और गर्व झलक रहा था।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई स्टील प्लांट में फरवरी माह में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की विदाई कुछ खास अंदाज में हुई। 35 से 37 वर्षों तक संयंत्र को अपनी सेवाएं देने वाले कर्मियों को परिवार, रिश्तेदारों और दोस्तों ने ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे के साथ भावभीनी विदाई दी।
भिलाई इस्पात संयंत्र के मेन गेट और बोरिया गेट पर जश्न जैसा माहौल नजर आया। सेवानिवृत्त साथियों का विभागीय सम्मान समारोह के बाद मेन गेट पर सपरिवार माला पहनाकर स्वागत किया गया। साथियों ने मिठाइयां बांटीं और बैंड की धुन पर खुशी का इजहार किया।
सीटू नेताओं ने भी सम्मानित किया। इस अवसर पर रेल मिल से 8 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए। प्लेट मिल के जितेंद्र कुमार वर्मा, रेल मिल से जी.एस.एल. प्रसाद, एन.टी. राव, नानालू सहित अन्य साथियों को सम्मानित किया गया। समारोह में उनके परिवार के सदस्य पत्नी, बेटे और बेटियां भी मौजूद रहे, जिससे माहौल भावुक और उत्साहपूर्ण दोनों बना रहा।
विभागीय कर्मचारियों में सीटू के महासचिव टी. जोगाराव, डी.वी.एस. रेड्डी, केवेंद्र सुंदर, वरिष्ठ साथी शांत कुमार, सविता मालवीय, अशोक खातरकर, लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, के. शशी नायर, ओ.पी. श्रीवास, के.के. देशमुख, अनूप साहा, पी. वेंकट, अतिक उर रहमान सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
लंबी सेवा के बाद संयंत्र से विदा हो रहे इन कर्मियों के चेहरे पर संतोष और गर्व झलक रहा था। वहीं सहकर्मियों की आंखों में अपने साथियों को अलविदा कहने की हल्की नमी भी दिखाई दी। भिलाई इस्पात संयंत्र में यह दृश्य केवल एक औपचारिक विदाई नहीं, बल्कि दशकों की मेहनत, समर्पण और साथ निभाने की भावना का उत्सव बन गया।















