चोरों ने डहलिया-482 स्थित मकान में घुसकर अलमारी का लॉक खोला और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गए।
- चार लॉकेट, साढ़े तीन तोले का एक नेकलेस, दो अंगूठियां तथा करीब 53 हजार रुपये मूल्य की हीरे की दो अंगूठियां चोरी हुई है।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई नगर। भिलाई के तालपुरी इंटरनेशनल कॉलोननी बी-ब्लॉक में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। चोरों ने डहलिया-482 स्थित मकान में घुसकर अलमारी का लॉक खोला और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के समय मकान सूना था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी हुए सामान में करीब साढ़े 11 तोले सोने के आभूषण शामिल हैं। इनमें चार लॉकेट (करीब दो-दो तोले), साढ़े तीन तोले का एक नेकलेस, एक-एक तोले की दो अंगूठियां तथा करीब 53 हजार रुपये मूल्य की हीरे की दो अंगूठियां शामिल हैं।
इसके अलावा बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण भी चोरी हुए हैं। इनमें विभिन्न वजन की पायल, चूड़ियां, पाजेब, करधनी, गणेश प्रतिमाएं, पुराने चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के, बेनीफूल, बिंदिया और की-रिंग सहित अन्य सामान शामिल हैं। चोर लगभग 50 हजार रुपये नकद भी अपने साथ ले गए।
पीड़ित परिवार ने चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी की कुल अनुमानित कीमत करीब 19.68 लाख रुपये बताई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। परिवार शुक्रवार शाम को जब घर पहुंचा तो मंजर देखकर सब हैरान हो गए। भिलाईनगर थाने में एफआइआर दर्ज कराई गई है। पुलिस भी मौके पर पहुंच चुकी है।

