बीएसपी से मई में रिटायर होने वालों का आवेदन ले रहे हैं। जून में सेवानिवृत्त होने वालों का आवेदन रोक दिया गया है।
- बीएसपी उच्चाधिकारियों की बैठक के बाद लाइसेंस पर आवास आवंटन को रोका गया।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड-सेल नई हाउस पॉलिसी तैयार कर रहा है। इसको लागू करने की घोषणा कारपोरेट आफिस से की जाएगी। इधर-भिलाई स्टील प्लांट ने अगले आदेश तक लाइसेंस पर आवास देने की प्रक्रिया को बंद कर दिया है। रिटेंशन स्कीम के बाद आवास लाइसेंस स्कीम को अगले आदेश तक के लिए बंद किया गया है। इस बारे में नगर सेवाएं विभाग का पक्ष लिया गया, जवाब मिला-नो-कमेंट…।
मई में रिटायर होने वाले कार्मिकों का आवेदन स्वीकार किया जा रहा है। जून में रिटायर होने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के आवेदन को लेने से मना कर दिया गया। अगर, किसी का आवेदन लिया गया तो उन्हें जानकारी दी जा रही है कि ये होल्ड में रहेगा। प्रबंधन के अगले आदेश पर ही अमल होगा, ताकि विवाद की स्थिति न बनने पाए।
हर महीने सेल बीएसपी में करीब 18 से 20 आवेदन लाइसेंस पर मकान के लिए आते हैं। 5 लाख रुपए सिक्योरिटी मनी जमा कराया जाता है। साथ में 11 माह का किराया एडवांस लेते हैं। 11 माह के बाद लाइसेंस का नवीनीकरण होता है।
सेल बीएसपी प्रबंधन 450 स्क्वायर फीट तक के आवास को लाइसेंस पर देता है। भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन की उच्च स्तरीय बैठक में तय किया गया कि अगले आदेश तक लाइसेंस पर आवास आवंटन की प्रक्रिया को रोक दिया जाए। आदेश होते ही अमल किया जा रहा है।
नगर सेवाएं विभाग में आवेदन लेकर पहुंचे कुछ कार्मिकों को वापस लौटना पड़ा। इसकी जानकारी यूनियन नेताओं के साथ साझा की। ट्रेड यूनियन नेताओं ने इस बारे में टाउनशिप प्रबंधन से बातचीत की। इसके बाद सारा मामला खुला। प्रबंधन का कहना है कि मई में रिटायर होने वालों का आवेदन ले रहे हैं। जून में सेवानिवृत्त होने वालों का आवेदन रोक दिया गया है।

