कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) पवन कुमार तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी, JLNRCH, डॉ. उदय कुमार अतिथि थे।
- “Pay Back to Society” के सिद्धांत को अपनाकर समाज के उत्थान में योगदान देने का आह्वान AOWA ने किया।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। अम्बेडकर ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन (AOWA) द्वारा प्रगति नगर स्थित एक होटल में भिलाई इस्पात संयंत्र में जून 2026 के दौरान E2 से E7 ग्रेड तक पदोन्नत हुए अधिकारियों के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) पवन कुमार तथा विशिष्ट अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी, JLNRCH, डॉ. उदय कुमार थे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पवन कुमार द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में AOWA के अध्यक्ष कमल कुमार (महाप्रबंधक, EMD) ने संगठन की स्थापना एवं उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि AOWA बाबा साहब के “शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो” के मिशन पर कार्य कर रहा है। उन्होंने संगठन की भावी कार्ययोजना साझा करते हुए कहा कि AOWA मरौदा में डॉ. बी.आर. आंबेडकर स्कूल की स्थापना में सहयोग, आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों की शिक्षा में सहायता, IIT, NEET एवं UPSC में सफल बच्चों का सम्मान, डॉ. आंबेडकर, गुरु घासीदास, बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह एवं संत रविदास की जयंती का आयोजन, OA और क्लब में सक्रिय भागीदारी, सदस्यों के पारिवारिक सुख-दुख में सहयोग, पदोन्नति में आरक्षण के लिए निरंतर प्रयास एवं सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने जैसे कार्य करेगा। अध्यक्ष ने “Pay Back to Society” के सिद्धांत को अपनाकर समाज के उत्थान में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि पवन कुमार ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में पदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि अधिकारी समाज के प्रेरणा स्रोत होते हैं। उन्होंने सभी से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा संगठन और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. उदय कुमार ने AOWA द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए सभी पदोन्नत अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की,इस अवसर पर पूर्व मुख्य महाप्रबंधक एल. उमाकांत तथा महाप्रबंधक (PEM) पी. एस. खोबरागड़े ने भी अपने विचार व्यक्त कर पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएँ दीं।
AOWA के महासचिव सुधीर रामटेके (उप महाप्रबंधक, SMS-3) ने अपने संबोधन में संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर के संघर्षों को स्मरण करते हुए कहा कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाना प्रत्येक AOWA सदस्य का नैतिक कर्तव्य है।
कार्यक्रम में भिलाई इस्पात संयंत्र के AOWA सदस्य एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की सफलता में कार्यकारिणी समिति के सदस्यों बिनीतोष बाला, चंद्रशेखर भारती, मिलिंद पाटिल, मृणाल तेम्भरे, हितेश डोंगरे, श्यामलाल नेगी, परमेश्वर लाल कुर्रे, सरोजन प्रसाद, धीरेंद्र धामगाये, मुकेश रात्रे, सुबोध गायकवाड़, विवेक तेम्भरे, विशाल आनंद एवं हरिराम अटल का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन AOWA के उपाध्यक्ष एसपी निगम ने किया, जबकि अंत में सिद्धार्थ मेश्राम (उप महाप्रबंधक, COCCD) ने सभी अतिथियों, पदोन्नत अधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

