ठेका श्रमिक के गेट पास की वैलिडिटी सिर्फ तीन महीने होती है। इस कारण ठेकेदार धमकी देते हैं। ठेका श्रमिकों के गेट पास की वैलिडिटी बढ़ाई जाए।
- सीजीएम कोक ओवन के साथ बीएमएस नेताओं की मीटिंग।
सूचनाजी न्यूज, भिलाई। भिलाई इस्पात मजदूर संघ बीएमएस का एक प्रतिनिधिमंडल कोक ओवन में सोमवार को हए दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर आसपास के कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली, तत्पश्चात कोक ओवन के मुख्य महाप्रबंधक तुलाराम बेहरा से मुलाकात कर इस घटना को प्रबंधन एवं ठेकेदार की सुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही बताया एवं भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कई सुझाव दिए।
कोक ओवन में हुई दुर्घटना की जानकारी मिलते ही भिलाई इस्पात मजदूर संघ बीएमएस के महामंत्री दिनेश कुमार पांडेय ने यूनियन के अध्यक्ष से एक प्रतिनिधिमंडल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रबंधन से चर्चा करने को कहा। प्रतिनिधि मंडल ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के पश्चात मुख्य महाप्रबंधक कोक ओवन एवं सीसीडी से बैठक किया।
मुख्य महाप्रबंधक (कोक ओवन एवं सीसीडी) तुलाराम बेहरा से बीएमएस युनियन अध्यक्ष प्रदीप पाल ने कहा कि यह घटना ऑपरेटिंग अथॉरिटी एवं ठेकेदार के द्वारा सुरक्षा को लेकर बरती गई गंभीर लापरवाही का परिणाम है। जहां भी मेंटेनेंस का कार्य किया जाए वहां सुपरवाइजर का होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमें स्किल्ड वर्कर से ही मेंटेनेंस का काम कराना चाहिए। प्रदीप पाल ने कहा कि प्रबंधन यह भी सुनिश्चित करे कि ठेका श्रमिकों को उसका पूरा पारिश्रमिक मिले एवं ठेकेदार उनसे पैसा वापस ना ले। उन्होंने कहा कि ठेका श्रमिक के गेट पास की वैलिडिटी सिर्फ तीन महीने होती है जिसके कारण से ठेकेदार उनको धमकी देते हैं। ठेका श्रमिकों के गेट पास की वैलिडिटी बढ़ाई जाए।
कार्यकारी अध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने कहा कि कोक ओवन में आए दिन दुर्घटना हो रही है इस पर प्रबंधन को और अधिक ध्यान देने की जरूरत है साथ ही जो स्ट्रक्चर एवं प्लेटफार्म सड़ गए हैं। उनको जल्द से जल्द बदला जाए एवं कन्वेयर गैलरी की नियमित सफाई कराते रहें। उन्होंने कहा कहा कि कहीं भी मेंटेनेंस के लिए अकेले व्यक्ति को ना भेजा जाए इसका सख्ती से पालन किया जाए।
संयुक्त महामंत्री राकेश उपाध्याय ने कहा कि प्रबंधन ठेका श्रमिकों को जनरल सेफ्टी की जानकारी देता है, बल्कि उसे उस कार्य कार्य की ट्रेनिंग देनी चाहिए जो कार्य ठेका श्रमिक से कराया जाना है। उपाध्यक्ष अखिलेश उपाध्याय ने कहा कि सभी वाहनों एवं मशीनों के मेंटेनेंस के लिए लॉग बुक रखा जाए, जिससे यह पता चल सके कि कब- कब एवं कौन सा मेंटेनेंस किया गया है।
मुख्य महाप्रबंधक तुलाराम बेहरा ने कहा कि सोमवार को कोक ओवन में जो दुर्घटना हुई है बहुत ही दुखद है। इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऑपरेटिंग अथॉरिटी एव ठेकेदारों को सुरक्षा के प्रति और अधिक गंभीर होने को कहेंगे एवं जिम्मेदारी तय करेंगे। उन्होंने कहा कि यहां के जर्जर स्ट्रक्चर्स, कन्वेयर गैलरी एवं कई पुराने भवन को तोड़कर नया बनाने हेतु उच्च प्रबंधन से चर्चा कर रहे हैं, जिसके जल्द ही परिणाम आएगा।
महाप्रबंधक तुलाराम बेहरा ने कहा कि मैं कोक ओवन में ठेका श्रमिकों को पूरा वेतन दिलाने के प्रति गंभीर हूं एवं सभी ठेका श्रमिकों से कह रहा हूं कि यदि ठेकेदार आपसे पैसा वापस मांगे तो उसकी तुरंत हमसे शिकायत करें।
ये खबर भी पढ़ें: BSP श्रमिकों के खाते में आ रहे 10 से 21 हजार रुपए तक, पढ़िए पूरा मामला
इस दौरान यूनियन से अध्यक्ष प्रदीप कुमार पाल, कार्यकारी अध्यक्ष वंश बहादुर सिंह, संयुक्त महामंत्री राकेश उपाध्याय, एस रवि, सीपीएफ ट्रस्टी दिल्ली राव, सचिव मुरारी जायसवाल, सहायक कोषाध्यक्ष अनिल शुक्ला, उपाध्यक्ष सुधीर गडेवाल, अखिलेश उपाध्याय, गंगाराम चौबे, सचिव पूरन साहू, नाजिर हुसैन खान, अनिल शुक्ला, प्रशांत क्षीरसागर एवं घनश्याम साहू उपस्थित थे।




